गैर-लाभकारी संगठन (Nonprofits) के सामने अवसरोंकी कमी नहीं होती। कोई नया फंडर आता है, किसी के साथ मिलकर काम करने का प्रस्ताव आता है, या किसी प्रोग्राम को नई जगह ले जाने का न्योता मिलता है। ये सब पल अच्छे लगते हैं, लगता है कोई हम पर भरोसा कर रहा है, काम बढ़ रहा है, और ज़्यादा लोगों तक पहुँच पाएंगे। तो पहला सवाल अक्सर यही होता है, क्या हम यह कर सकते हैं? लेकिन एक और ज़रूरी सवाल है जो अक्सर कोई नहीं पूछता, यह अवसर हमारे संगठन के अंदर क्या बदल देगा?
हर अवसरसिर्फ काम में एक नई चीज़ नहीं जोड़ता। कई बार वह यह भी तय करने लगता है कि टीम अपना वक्त कहाँ लगाए, काम कैसे हो, और कामयाबी का मतलब क्या हो। यह बदलाव एक दिन में नहीं आता। यह धीरे-धीरे होता है, जब हम खुद को फंडर की, साझेदार की, या ज़माने की उम्मीदों के हिसाब से ढालते चले जाते हैं।
समय के साथ, जो शुरुआत में एक सकारात्मक सहयोग लगता है, वह कभी-कभी अत्यधिक अनुकूलन (Over-Alignment) में बदल सकता है, ऐसी स्थिति जहाँ संगठन बार-बार खुद को बदलते-बदलते अपनी मूल दिशा, मिशन और आंतरिक प्राथमिकताओं की स्पष्टता खोने लगता है।
जब विकास (Growth) प्रभाव (Impact) की परिभाषा बदलने लगता है
स्वयंसेवी क्षेत्र में विकास को अक्सर सफलता का प्रतीक माना जाता है। अधिक लोगों तक पहुँचना, लाभार्थियों की संख्या बढ़ाना और नए क्षेत्रों में विस्तार करना आमतौर पर सकारात्मक उपलब्धियाँ मानी जाती हैं।लेकिन कई बार विकास का दबाव धीरे-धीरे यह भी तय करने लगता है कि सफलता को किस रूप में देखा जाएगा।
एक स्किलिंग प्रोग्राम का उदाहरण लें। शुरुआत में मकसद सीधा था, युवाओं को प्रशिक्षण देना और उन्हें रोजगार से जोड़ना।। जैसे-जैसे विस्तार और बड़े स्तर पर काम करने की अपेक्षाएँ बढ़ीं, कार्यक्रम में छोटे-छोटे बदलाव होने लगे। नामांकन के लक्ष्य पूरे करने के लिए प्रवेश मानकों को आसान किया गया। ऐसे क्षेत्रों में विस्तार किया गया जहाँ अभी मजबूत नियोक्ता नेटवर्क मौजूद नहीं था। रोजगार दिलाने के वादे किए गए, जबकि उन्हें पूरा कर पाना निश्चित नहीं था।
उस समय ये फैसले बहुत बड़े नहीं लगे। लेकिन धीरे-धीरे इनका असर दिखाई देने लगा। कार्यक्रम का ध्यान छात्रों के वास्तविक परिणामों से हटकर विकास और विस्तार के लक्ष्यों को पूरा करने पर केंद्रित होने लगा। समय के साथ वादों और वास्तविक परिणामों के बीच अंतर बढ़ता गया और अंततः कार्यक्रम बंद हो गया, जिससे कई छात्र अनिश्चित स्थिति में रह गए।
यह उदाहरण दिखाता है कि जब विकास सफलता का मुख्य पैमाना बन जाता है, तो संगठन अनजाने में प्रभाव (Impact) के बजाय विस्तार (Scale) को प्राथमिकता देने लगते हैं। यह बदलाव किसी एक फैसले से नहीं आता, बल्कि कई छोटे-छोटे निर्णयों के माध्यम से धीरे-धीरे विकसित होता है।
असंगति (Misalignment) के शुरुआती संकेतों को पहचानना
अत्यधिक अनुकूलन केवल विकास के दबाव से नहीं आता। यह उन साझेदारियों में भी दिखाई दे सकता है जो शुरुआत में संगठन के मिशन से पूरी तरह मेल खाती हुई लगती हैं। एक उदाहरण में, एक संगठन को ग्रामीण महिलाओं के लिए वित्तीय साक्षरता (Financial Literacy) कार्यक्रम चलाने का प्रस्ताव मिला, जो एक CSR पहल के तहत था।
कागज़ पर यह साझेदारी पूरी तरह उपयुक्त लग रही थी। वित्तीय साक्षरता समुदाय के लिए महत्वपूर्ण थी और फंडर का सहयोग कार्यक्रम की पहुँच बढ़ा सकता था। लेकिन शुरुआती बातचीत के दौरान कुछ सूक्ष्म संकेत सामने आने लगे। चर्चा बार-बार महिलाओं के सीखने के परिणामों की बजाय वित्तीय उत्पादों के प्रचार पर केंद्रित हो रही थी।
फिर भी टीम ने यह सोचकर आगे बढ़ने का निर्णय लिया कि कार्यक्रम शुरू होने के बाद वे इसकी दिशा को बेहतर ढंग से प्रभावित कर पाएँगे। जब सत्र शुरू हुए, तब चिंता और स्पष्ट हो गई। सीखने पर केंद्रित कार्यक्रम धीरे-धीरे प्रचारात्मक गतिविधि जैसा दिखने लगा।
इस स्थिति में संगठन ने साझेदारी की संरचना पर दोबारा बातचीत की और यह सुनिश्चित किया कि शैक्षणिक सामग्री पूरी तरह स्वतंत्र रहे, जबकि किसी भी प्रकार की प्रचार गतिविधि को स्पष्ट रूप से अलग रखा जाए। साझेदारी आगे भी जारी रही और बाद में उसका विस्तार भी हुआ।
लेकिन इस अनुभव ने एक महत्वपूर्ण सीख दी, साझेदारी की शुरुआत में महसूस होने वाली असहजता अक्सर किसी गहरे संरचनात्मक असंतुलन का संकेत होती है, जिसे बाद में ठीक करना अधिक कठिन हो जाता है। शुरुआत में ही स्पष्ट सीमाएँ तय कर लेना साझेदारी को सफल बनाता है, बिना संगठन के उद्देश्य से समझौता किए।
अवसर से आगे भी देखना जरूरी है
नए अवसरों को स्वीकार करना हमेशा गैर-लाभकारी संगठनों के काम का हिस्सा रहेगा, और उनमें से कई संगठन की प्रभावशीलता को बढ़ाने में मदद भी करते हैं। चुनौती यह तय करने में नहीं है कि अवसर आकर्षक है या नहीं, बल्कि यह समझने में है कि उसे स्वीकार करने से संगठन के भीतर क्या बदलेगा।
जब कोई साझेदारी नए लाभार्थियों को जोड़ती है, सफलता के पैमानों को बदलती है या टीमों के समय और संसाधनों के उपयोग को प्रभावित करती है, तो संभव है कि संगठन केवल अपना काम नहीं बढ़ा रहा हो, बल्कि स्वयं को पुनः डिज़ाइन कर रहा हो।
इस संभावना को पहचानने का अर्थ अवसरों को अस्वीकार करना नहीं है। बल्कि इसका अर्थ है निर्णय लेने से पहले थोड़ा रुकना और यह समझना कि उसके दीर्घकालिक प्रभाव क्या हो सकते हैं। ऐसा करने से संगठन यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि उनका सामंजस्य (Alignment) केवल बाहरी अपेक्षाओं पर नहीं, बल्कि उनके अपने मिशन और उद्देश्य की स्पष्टता पर आधारित रहे।
कोई नई साझेदारी, फंडिंग या प्रोग्राम का विस्तार स्वीकार करने से पहले, अपनी टीम के साथ ये सवाल पूछें। अगर कई जवाब अटकें या असहज करें, तो आगे बढ़ने से पहले उस असहजता पर ध्यान देना ज़रूरी है।
| विषय | सवाल |
| मिशन से मेल (Mission Fit) | क्या यह अवसर हमारे घोषित मिशन से वास्तव में जुड़ा हुआ है, या केवल आंशिक रूप से मेल खाता है? |
| लाभार्थियों की स्पष्टता (Beneficiary Clarity) | क्या यह उन्हीं समुदायों की सेवा करता है जिनके साथ हम अभी काम कर रहे हैं? यदि नए समुदाय जुड़ रहे हैं, तो क्या हम उनकी जरूरतों को पर्याप्त रूप से समझते हैं? |
| सफलता की नई परिभाषा (Success Redefinition) | क्या इस अवसर को स्वीकार करने से हमें प्रभाव को मापने के तरीके बदलने होंगे? यदि हाँ, तो क्या हम यह बदलाव सोच-समझकर करना चाहते हैं? |
| आंतरिक क्षमता (Internal Capacity) | क्या हमारी टीम के पास यह काम संभालने का वक्त, हुनर और इंतज़ाम है — बिना पुराने काम से समझौता किए? |
| फंडर या साझेदार के साथ सामंजस्य (Funder or Partner Alignment) | क्या फंडर या साझेदार की अपेक्षाएँ वास्तव में हमारे कार्यक्रम मॉडल के अनुरूप हैं, या हमें अपना काम उनकी अपेक्षाओं के अनुसार बदलना पड़ेगा? |
| शुरुआती संकेत (Early Signals) | क्या इसमें ऐसे मापदंड, लक्षित समूह या डिलीवेरेबल्स शामिल हैं जो हमारे वर्तमान काम से काफी अलग हैं? यदि हाँ, तो क्या हम इन बदलावों को प्रभावी रूप से संभाल सकते हैं? |
| टीम की सहमति (Team Agreement) | क्या सभी प्रोग्राम टीम, लीडरशिप, और मॉनिटरिंग टीम ने मिलकर इस पर चर्चाकी है?क्या प्राथमिकताओं को लेकर सभी के बीच स्पष्ट समझ है? |
| बाहर निकलने या पुनः बातचीत की योजना (Exit or Renegotiation Plan) | यदि कार्यान्वयन के दौरान यह अवसर हमें हमारे मूल उद्देश्य से दूर ले जाने लगे, तो क्या हमारे पास साझेदारी की शर्तों पर पुनः बातचीत करने या उससे पीछे हटने की स्पष्ट प्रक्रिया है? |
“कोई चेकलिस्ट गहन समझ और विवेक का विकल्प नहीं हो सकती। लेकिन यह हमें तुरंत ‘हाँ’ कह देने की आदत से रोक सकती है और सही प्रश्न पूछने के लिए आवश्यक ठहराव दे सकती है।”